औचक निरीक्षण में मिली भारी लापरवाही, अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
जयपुर। मदन दिलावर ने बूंदी जिले की पंचायतों में सफाई व्यवस्था की बदहाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शनिवार सुबह तालेड़ा और केशवरायपाटन पंचायत समितियों के गांवों में किए गए ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण के दौरान गांवों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई मिली, जिस पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान भीया, देलूंदा, सींता, मेहराणा, सुवांसा, जमीतपुरा, तीरथ, रडी, चड़ी, हस्तीनापुर, गुडली, ईश्वरनगर (लेसरदा) तथा इन्द्रपुरिया ग्राम पंचायतों का दौरा किया गया। कई गांवों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे मिले, नालियां गंदगी से अटी पड़ी थीं, जबकि कई स्थानों पर सफाई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद पाए गए। गांवों की स्थिति देखकर मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाई।
शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री ने तालेड़ा और केशवरायपाटन पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों, अतिरिक्त विकास अधिकारियों, संबंधित ग्राम पंचायतों के सहायक अभियंताओं, प्रशासकों और ग्राम विकास अधिकारियों को लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंत्री दिलावर ने साफ कहा कि पंचायतों में सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निरीक्षण में शामिल ग्राम पंचायतों के सफाई ठेकेदारों का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोकने तथा उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए। साथ ही सफाई के नाम पर खर्च की गई राशि की वसूली संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से करने के निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीर है तथा आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply