Home>>फतहनगर - सनवाड>>नीम अमृत खिचड़ी’ कार्यक्रम का सफल समापन, हजारों लोगों ने उठाया स्वास्थ्य लाभ
फतहनगर - सनवाड

नीम अमृत खिचड़ी’ कार्यक्रम का सफल समापन, हजारों लोगों ने उठाया स्वास्थ्य लाभ

फतेहनगर। वसंत ऋतु के पावन अवसर पर तालाब रोड स्थित आदर्श आयुर्वेद नर्सिंग इंस्टिट्यूट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘नीम अमृत खिचड़ी’ स्वरस के निःशुल्क वितरण कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 8, 9 एवं 10 अप्रैल तक प्रतिदिन प्रातः 7 से 9 बजे तक आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य पहल में नगर के सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आयुर्वेदिक पेय का लाभ उठाया।

समापन दिवस पर संस्थान के निदेशक शशांक अग्रवाल, आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सेजल वैरागी एवं डॉ. गुंजन पालीवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ, आयुर्वेद विशेषज्ञों के साथ-साथ आयुर्वेद नर्सिंग डिप्लोमा के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान लगभग 2000 से अधिक लोगों को निःशुल्क ‘नीम अमृत खिचड़ी’ स्वरस का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस आयुर्वेदिक स्वरस के सेवन से शरीर में हल्कापन, ताजगी और स्फूर्ति का अनुभव हुआ, जिसे उन्होंने स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

आयोजन के समापन पर उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयुर्वेदिक कार्यक्रम न केवल लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि समाज में आयुर्वेद के महत्व को भी सुदृढ़ करते हैं। नगरवासियों ने यह मांग भी रखी कि इस प्रकार का आयोजन हर वर्ष मार्च–अप्रैल माह में नियमित रूप से किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

अंत में संस्थान के निदेशक शशांक अग्रवाल ने सभी सहयोगियों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आदर्श आयुर्वेद नर्सिंग इंस्टिट्यूट भविष्य में भी जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि समाज को आयुर्वेद के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!