
फतहनगर। नारी शक्ति वंदन विधेयक के प्रति जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उदयपुर लोकसभा क्षेत्र की महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल आज संसद भवन के शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी भ्रमण पर रहा। इस अवसर पर महिलाओं ने देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नजदीक से समझा और संसद की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर संवाद भी किया। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक महिलाओं को राजनीति में अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
इसी क्रम में संगीता कुमारी देव, दामोदर अग्रवाल, संबित पात्रा, महिमा कुमारी तथा उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों से भी महिलाओं की आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
महिला प्रतिनिधिमंडल ने संसद भवन की ऐतिहासिक एवं लोकतांत्रिक विरासत को करीब से देखा और देश के नीति निर्माण की प्रक्रिया को समझा। प्रतिभागी महिलाओं ने इस अनुभव को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज व राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होती हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी महिलाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति का सशक्त होना देश के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सशक्तिकरण और समाज में उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
