फतहनगर - सनवाड

नानी बाई का मायरा कथा में उमड़ा भक्ति का सैलाब, भजनों के साथ हुआ शुभारंभ


फतेहनगर। नगर के प्रताप चौराहा स्थित सेतु बांध रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा कथा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार शाम भक्ति और श्रद्धा के माहौल में हुआ। कथा वाचक मांगीलाल मेनारिया ने अपने मुखारविंद से कथा का रसपान कराते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया।कार्यक्रम का आयोजन सेतु बांध रामेश्वर महादेव मंदिर मंडल एवं समस्त नगरवासियों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा प्रारंभ होने से पूर्व भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें “बजरंग बाला फेरो थारी माला” सहित विभिन्न भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया।कथावाचक मांगीलाल मेनारिया ने नानी बाई के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, सेवा और समर्पण की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति मनुष्य को ईश्वर से जोड़ती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और संस्कारों का संचार करती है।कार्यक्रम में संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कथा को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। भजनों को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। ढोलक पर किशन साउंड एवं पैड पर गुरु कृपा हीरालाल राणा ने संगत देकर माहौल को भक्तिमय बनाया।आयोजकों ने बताया कि कथा का आयोजन 11 जून तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से किया जा रहा है। कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक प्रसंगों एवं भजनों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण महालक्ष्मी स्टूडियो द्वारा किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालु भी कथा का लाभ प्राप्त कर सकें।प्रथम दिवस के सफल आयोजन के साथ ही श्रद्धालुओं में आगामी दिनों की कथा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *