फतहनगर - सनवाड

नवपदस्थापित न्यायिक अधिकारियों का बार एसोसिएशन मावली ने किया स्वागत-अभिनंदन

मावली, 4 जून। बार एसोसिएशन, मावली द्वारा बुधवार को न्यायालय परिवार में नवपदस्थापित माननीय न्यायिक अधिकारियों के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पगड़ी एवं उपरना पहनाकर सम्मान किया गया।

समारोह में श्रीमान युवराज सिंह गुर्जर, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, मावली, श्रीमती प्रियंका बैरवा, न्यायिक मजिस्ट्रेट, मावली, श्री प्रीतीश पाराशर, विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट (एन.आई. एक्ट), मावली, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्री प्रेमप्रकाश तथा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय श्री मोहितांस का बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने नवपदस्थापित न्यायिक अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता एवं न्यायिक दृष्टिकोण से मावली न्यायालय को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय के बीच बेहतर समन्वय, न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन तथा आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं एवं न्यायालय परिवार के सदस्यों ने सभी माननीय न्यायिक अधिकारियों के उज्ज्वल कार्यकाल, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल न्यायिक सेवाओं के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *