फतहनगर(विकास चावड़ा)। नगर की महेश कॉलोनी में श्री प्रह्लादराय मंडोवरा के निवास स्थान पर मेवाड़ के प्रखर कथा प्रवक्ता श्री माणकचंद मेनारिया के सानिध्य में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित भक्त नरसी मायरा कथा का रविवार को चौथे एवं अंतिम दिन भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ।कथा के दौरान व्यासपीठ से श्री मेनारिया ने भक्त नरसीजी के भक्तिमय जीवन चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। मायरा कथा में प्रवेश करते हुए उन्होंने सर्वव्यापक प्रभु द्वारा सृष्टि निर्माण के प्रसंग के साथ तेजाजी, श्री सांवरियाजी, श्रीनाथजी एवं रुक्मिणी हरण प्रसंग का स्मरण किया। उन्होंने तुलसीदासजी, सूरदासजी, मीराबाई, धन्ना भगत, कर्माबाई, शबरी एवं मंडफिया के भक्त लखमाजी सहित अनेक भक्तों के जीवन चरित्र और उन पर हुई प्रभु कृपा का भावपूर्ण वर्णन किया। इसके पश्चात नरसीजी की मायरे के लिए प्रभु से की गई करुणामयी पुकार का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।कथा में बताया कि भक्त नरसीजी की करुण पुकार सुनकर प्रभु राधा-रुक्मिणी एवं रिद्धि-सिद्धि के साथ सेठ सांवरिया का स्वरूप धारण कर रथ एवं बैलगाड़ियों में मायरा लेकर अंजार नगर पहुंचे। वहां नानीबाई की इच्छा एवं सूची के अनुसार प्रभु ने श्रीरंगजी के यहां समस्त नगरवासियों को छप्पन करोड़ का मायरा पहनाया। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भक्ति और भावनाओं से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण अखाड़ा मंदिर के पूज्य महंत श्री शिवशंकर दासजी एवं मंदिर विकास कमेटी के सदस्यों ने कथा स्थल पर पहुंचकर अपना पावन सानिध्य प्रदान किया। कथा के समापन पर सामूहिक आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।


Leave a Reply