
(विकास चावड़ा)
फतहनगर। नगर के द्वारिकाधीश मंदिर में रविवार को छप्पन भोग का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन यशोदा देवी आमेटा के सौजन्य से किया गया। इस धार्मिक आयोजन के तहत ठाकुर जी का विशिष्ट श्रृंगार कर उनके समक्ष व्यंजनों से भरे थाल सजाए गए। दोपहर 12:15 बजे से ठाकुर जी की महा आरती पुजारी सत्यनारायण पालीवाल एवं कमल नयन पालीवाल द्वारा की गई। ठाकुर जी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजायमान हो उठा। 56 भोग की झांकी का दर्शन लाभ लेने के साथ ही श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पूर्व प्रात: 9:30 बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी गई। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु महिलाओं ने प्रभु के समक्ष नृत्य किया। भक्तिमयी भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। व्यवस्थाओं को लेकर आयोजक परिवार, श्री द्वारकाधीश मंदिर विकास कमेटी, महिला मंडल एवं युवाओं की टोलियां जुटी रही। इधर नगर की श्रीकृष्ण महावीर गौशाला में स्व. श्रीमती कमला देवी जैन की स्मृति एवं सुश्री खुश्वी के प्रथम जन्मोत्सव पर डॉ. जैनेंद्र कुमार जैन एवं परिवारजनों द्वारा गायों के लिए लापसी एवं हरा चारा खिलाकर गौ सेवा की गई। इस अवसर पर गौशाला प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारी एवं नगर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

