फतहनगर। देबारी में ओवरलोडिंग की समस्या के चलते शनिवार को फतहनगर सिटी एरिया में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जबकि एक दिन पहले जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया था कि सिटी क्षेत्र की सप्लाई चालू रहेगी, लेकिन तकनीकी कारणों से व्यवस्था सुचारू नहीं रह पाई और शहर को कटौती का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि देबारी क्षेत्र में ओवरलोडिंग के कारण वहां से सप्लाई देना संभव नहीं हो सका। वहीं नाथद्वारा से भी वैकल्पिक आपूर्ति नहीं मिल पाई। विभाग द्वारा पूर्व में इमरजेंसी लोड देने की बात कही गई थी, लेकिन परिस्थितियों के चलते यह व्यवस्था भी लागू नहीं हो सकी। अब सीटी-पीटी सेट बदलने के बाद ही आपूर्ति सुचारू हो पाएगी।
फतहनगर के कनिष्ठ अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि बिजली आपूर्ति दोपहर करीब 2:00 बजे तक बहाल होने की संभावना है। विभाग की टीमें कार्य में जुटी हुई हैं।
इधर भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। बिना बिजली के घरों के अंदर रहना मुश्किल हो गया है, वहीं कूलर-पंखे बंद होने से लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। कई लोग राहत के लिए घरों से बाहर छांव की तलाश करते दिखाई दिए।
स्थानीय नागरिकों ने विभाग से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके।

Leave a Reply