फतहनगर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंगेड़ी में शनिवार का दिन उत्साह, आत्मीयता और नई उम्मीदों का साक्षी बना। विद्यालय के लोकप्रिय प्रधानाचार्य श्री मोहनलाल स्वर्णकार के 30 जून को सेवानिवृत्त होने के दस दिन बाद विद्यालय को नए प्रधानाचार्य के रूप में फतहनगर निवासी श्री सुरजमल जीनगर मिले। उन्होंने शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया।
श्री जीनगर भूपालसागर पंचायत समिति के राजकीय विद्यालय उसरोल से स्थानांतरित होकर चंगेड़ी पहुंचे। उनके साथ बूल विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरज कुमार सरूपरिया, विक्रमसिंह, राकेश कुमावत, आरपी ओमप्रकाश खटीक, अनिल जीनगर, सुनील यादव सहित विद्यालय का स्टाफ भी उन्हें शुभकामनाएँ देने एवं विदाई देने के लिए चंगेड़ी पहुँचा।
विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नए प्रधानाचार्य का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण रहा। सभी ने उपरने ओढ़ाकर एवं अभिनंदन कर नए प्रधानाचार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री मोहनलाल स्वर्णकार स्वयं समारोह में उपस्थित हुए। उन्होंने श्री सुरजमल जीनगर का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और उन्हें विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने इसे अनुभव और नई ऊर्जा के सुंदर समन्वय का प्रतीक बताया।
उपप्रधानाचार्य श्रीमती खुशनुमा बानों सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने नए प्रधानाचार्य का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रभुलाल रेगर एवं मधु मंडोवरा ने किया। अंत में सभी ने नए प्रधानाचार्य को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


Leave a Reply