फतहनगर - सनवाड

कृमिमुक्त अभियान: 1 से 19 वर्ष के बच्चों को दी कृमि नाशक दवा

मावली ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में चला राष्ट्रीय कृमिमुक्ति अभियान

फतेहनगर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमिमुक्ति अभियान के तहत मावली ब्लॉक के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक (एल्बेंडाजोल) टैबलेट का सेवन करवाया गया।

चंगेड़ी विद्यालय में दिखा उत्साह : अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चंगेड़ी में संस्थाप्रधान सूरजमल जीनगर के कुशल निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थाप्रधान ने बच्चों को पेट में कीड़े (कृमि) होने से होने वाले नुकसान तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। इसके पश्चात अध्यापकों की देखरेख में बच्चों को कृमिनाशक गोलियां खिलाई गईं। विद्यालय के बच्चों ने बिना किसी झिझक के उत्साहपूर्वक दवा का सेवन किया।

स्वास्थ्य सुधार और कुपोषण से बचाव का उद्देश्य मावली ब्लॉक के सभी विद्यालयों में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने बच्चों को दवा खिलाने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया कि दवा का सेवन चबाकर किया जाए।

संस्थाप्रधान सूरजमल जीनगर ने बताया कि बच्चों के पेट में कृमि संक्रमण से उनमें खून की कमी (एनीमिया), कुपोषण और शारीरिक व मानसिक विकास में रुकावट जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमिमुक्त बनाकर उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर तथा विद्यालय में उनकी उपस्थिति व सीखने की क्षमता में सुधार लाना है।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने बच्चों को खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ पेयजल एवं भोजन का उपयोग करने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *