फतहनगर। प्रदेश में पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को टालने के विरोध में कांग्रेस ने ‘संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस द्वारा अभियान की रूपरेखा तैयार करने हेतु 2 अप्रैल 2026 को मावली विधानसभा क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक का नेतृत्व मावली विधायक पुष्करलाल डांगी के सानिध्य में होगा, जबकि अध्यक्षता उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा करेंगे।
जानकारी के अनुसार, पहली बैठक प्रातः 10 बजे खेमली ब्लॉक में डबोक स्थित धूणी माता मंदिर परिसर में आयोजित होगी। इसके पश्चात दूसरी बैठक दोपहर 1 बजे मावली स्थित राजीव गांधी भवन में संपन्न होगी।
इन बैठकों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान करने तथा ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कांग्रेस कमेटियों के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की रणनीति साझा करेंगे।
बैठक में मावली प्रधान नरेंद्र कुमार जैन, मावली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार गोखरू, खेमली ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राणावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा मावली एवं खेमली ब्लॉक के सभी कांग्रेस कार्यकर्ता, पूर्व प्रधान, पूर्व एवं वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष, जिला व ब्लॉक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य, पूर्व चेयरमैन, सरपंच, वार्ड पंच, पार्षद, युवा कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, ओबीसी, अनुसूचित जाति-जनजाति, अल्पसंख्यक एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम के आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का आह्वान किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विधानसभा क्षेत्र मावली के लव पुरोहित ने सभी कांग्रेसजनों से समय पर पहुंचकर लोकतंत्र बचाओ अभियान को मजबूत करने की अपील की है।
