फतहनगर - सनवाड

कच्ची बस्ती के 400 मकानों के पट्टों की मांग, नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन

फतहनगर। नगर पालिका के शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत वार्ड संख्या 23 स्थित कच्ची बस्ती के निवासियों ने अपने आवासों के पट्टे जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बस्तीवासियों ने क्षेत्र के करीब 400 मकानों के पट्टे देने की मांग उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

ज्ञापन बनवारीलाल तंबोली के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान दिनेश रावत, भेरूलाल बेरवा, रामेश्वर, छोटू यादव, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कच्ची बस्ती के निवासी उपस्थित रहे। बस्तीवासियों ने कहा कि वे लंबे समय से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें भूमि के वैध पट्टे नहीं मिल पाए हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वार्ड संख्या 23 की कच्ची बस्ती पिछले चार दशकों से अधिक समय से आबाद है। क्षेत्र के लोगों ने अपने घर बनाकर स्थायी रूप से निवास किया हुआ है, लेकिन पट्टों के अभाव में उन्हें कई प्रशासनिक और विकास संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के दौरान अधिशासी अधिकारी ने मामले पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बस्तीवासियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

गौरतलब है कि यह कच्ची बस्ती चारागाह भूमि पर बसी हुई है। क्षेत्र से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी समय-समय पर यहां के निवासियों को पट्टे दिलाने की मांग प्रशासन के समक्ष उठाई है, लेकिन वर्षों से चली आ रही इस मांग का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में शहरी पट्टा अभियान के दौरान एक बार फिर बस्तीवासियों ने अपनी मांग को जोरदार तरीके से उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *