उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी के उदयपुर देहात जिला द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग” के द्वितीय दिवस पर सोमवार को नवम सत्र का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस सत्र में उदयपुर लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
सांसद रावत ने अपने उद्बोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को केंद्र में रखते हुए कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
सत्र की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता नीलम राज पुरोहित ने की। इस अवसर पर आधुनिक तकनीक और संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “कमल App” का विधिवत विमोचन भी किया गया। इस ऐप के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की गतिविधियों, कार्यक्रमों और सूचनाओं से सीधे जोड़े रखने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती, जिला प्रभारी मोतीलाल मीणा, वर्गाधिकारी वीरेन्द्र, सहप्रभारी जुगल किशोर, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, मावली विधानसभा प्रत्याशी कृष्णगोपाल पालीवाल, जिला महामंत्री एवं धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा तथा जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान विभिन्न सत्रों में पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक ढांचे, सोशल मीडिया उपयोग, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें आगामी चुनावों के लिए तैयार करना है।
समापन में संगठन के पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सक्रिय भागीदारी के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।


Leave a Reply