
फतहनगर। समीपवर्ती ईंटाली गांव में फतहनगर रोड स्थित नया पाला देवरा स्थानक पर “एक शाम ताकाजी बावजी के नाम” भव्य भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर भक्ति रस का आनंद लिया।
भजन संध्या में मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कथावाचक एवं भजन गायक जगदीश वैष्णव तथा डीजे किंग लादू ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना एवं गुरु वंदना के साथ हुई, जिसके बाद ताकाजी बावजी, बालाजी, माताजी सहित विभिन्न देवी-देवताओं के भजन प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम देर रात से भोर तक चलता रहा, जिसमें ग्रामवासी पूरी रात भक्ति में लीन रहे। भजन संध्या के दौरान प्रस्तुत झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें सांकलों से जकड़े भेरूजी की झांकी, माताजी की झांकी, मोर नृत्य तथा बालाजी के भाव नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्ति, संगीत और श्रद्धा के इस समागम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं ग्रामीणों ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और आस्था का प्रतीक बताया।
