फतहनगर - सनवाड

आवरी माताजी मंदिर निर्माण के लिए तीन परिवारों ने दिए 1.73 लाख रुपए

पुण्य स्मृति में सहयोग, मंदिर विकास कमेटी ने जताया आभार; नवरात्रि अनुष्ठान की पूर्णाहुति आज

फतहनगर। नगर के प्रसिद्ध आवरी माताजी मंदिर के निर्माण कार्य में सहयोग के लिए श्रद्धालु परिवार लगातार आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में तीन परिवारों की ओर से कुल 1 लाख 73 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की गई। मंदिर विकास कमेटी ने सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

स्वर्गीय श्री राधेश्याम जी कपासिया की पुण्य स्मृति में श्री प्रहलाद जी एवं नितेश जी अग्रवाल परिवार की ओर से मंदिर निर्माण के लिए 61 हजार रुपए का सहयोग दिया गया। इसी प्रकार स्वर्गीय श्री मदनलाल जी सा. सांखला, जासमा वालों की पुण्य स्मृति में श्री उत्तम जी, ज्ञान जी, दिनेश जी एवं राजकुमार जी सांखला परिवार ने पुनः 61 हजार रुपए की सहयोग राशि भेंट की। वहीं श्री मदनलाल जी, ओमप्रकाश जी एवं ईश्वर जी न्याति परिवार की ओर से मंदिर निर्माण के लिए 51 हजार रुपए का सहयोग प्रदान किया गया।

आवरी माताजी मंदिर विकास कमेटी ने तीनों परिवारों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य को गति मिल रही है। पुण्य स्मृति में किया गया यह सहयोग धार्मिक आस्था के साथ समाजसेवा की भावना को भी दर्शाता है।

नवरात्रि अनुष्ठान की पूर्णाहुति आज

आवरी माताजी मंदिर में नवरात्रि कार्यक्रम के तहत सोमवार, 19 अक्टूबर को हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर विकास कमेटी के अनुसार सुबह 9 बजे हवन प्रारंभ होगा तथा 11:15 बजे पूर्णाहुति होगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। कमेटी ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *