
फतेहनगर।
वसंत ऋतु के पावन अवसर पर आदर्श आयुर्वेद नर्सिंग इंस्टिट्यूट, तालाब रोड फतेहनगर के तत्वावधान में नगर के द्वारकाधीश चौराहा पर “नीम अमृत खिचड़ी स्वरस” का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लेकर प्रातः खाली पेट आयुर्वेदिक औषधि का सेवन किया और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 500 से अधिक लोगों को नीम खिचड़ी स्वरस पिलाया गया।
संस्थान द्वारा यह विशेष कार्यक्रम 8, 9 एवं 10 अप्रैल तक प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक श्री संजय अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही कॉलेज स्टाफ में आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सेजल वैरागी एवं डॉ. गुंजन पालीवाल सहित आयुर्वेद नर्सिंग डिप्लोमा के छात्र-छात्राएं भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने वसंत ऋतु में आयुर्वेदिक आहार-विहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऋतु में कफ दोष के बढ़ने से विभिन्न रोग उत्पन्न हो सकते हैं, इसलिए कटु, तिक्त एवं कषाय रस युक्त पदार्थ जैसे नीम का सेवन अत्यंत लाभकारी होता है, जो कफ संतुलन में सहायक है।
विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि नीम के फूल शीत वीर्य के होते हैं, जो शरीर की आंतरिक गर्मी (पित्त दोष) को कम करते हैं। नीम में रक्त शोधन के गुण पाए जाते हैं तथा यह त्वचा रोगों में भी अत्यंत लाभकारी है।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास किया गया, जिसकी नगरवासियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
