फतहनगर - सनवाड

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक आयोजित, शिक्षक समस्याओं के समाधान की उठी मांग

फतहनगर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) (विद्यालय शिक्षा) खण्ड मावली की बैठक रविवार, 5 जुलाई 2026 को विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय, मावली में खण्ड अध्यक्ष शंकरलाल जाट लदाना की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में संगठन द्वारा आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले वृक्षारोपण अभियान एवं गुरु वंदन कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।

बैठक में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण एवं पदोन्नति शीघ्र करने, टीएसपी से नॉन-टीएसपी क्षेत्र में समायोजित एवं वंचित शिक्षकों का उनके गृह जिलों में समायोजन करने, शिक्षकों के उपार्जित अवकाश (ईएल) के भुगतान पर लगी रोक हटाने, पूर्व में नियुक्त सभी शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखने तथा सीधी भर्ती से उच्च पदों पर नियुक्त शिक्षकों से पे-प्रोटेक्शन के नाम पर की जा रही वसूली पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

बैठक में खण्ड संगठन मंत्री पुष्करलाल बड़गुर्जर, पूर्व जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष (माध्यमिक) चंद्रशेखर चौधरी, उपसभाध्यक्ष प्रकाशपुरी गोस्वामी, प्रहलाद बड़गुर्जर, अनिल बदनका सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन खण्ड मंत्री भूपेन्द्र कुमार पाठक ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *