शंकराचार्य के सानिध्य में हुआ आयोजन, सुंदरकांड पाठ से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
उदयपुर। रूपसागर रोड स्थित लवली एस्टेट के श्री रामेश्वर महावीर मंदिर में भव्य छप्पन भोग महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर ज्योतिर्मठ अवांतर भानपुरा पीठ के परम पूजनीय जगद्गुरु शंकराचार्य श्री ज्ञानानंद जी तीर्थ महाराज एवं युवाचार्य श्री वरुरेंद्र जी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य श्री ज्ञानानंद जी तीर्थ महाराज ने छप्पन भोग के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को इसके महत्व से अवगत कराया। वहीं युवाचार्य श्री वरुरेंद्र जी महाराज ने युवाओं को धर्म, संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ने का संदेश देते हुए सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का आह्वान किया।
इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य श्री ज्ञानानंद जी तीर्थ महाराज ने नगर पालिका फतेहनगर-सनवाड़ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती ममता राजेश चपलोत का स्वागत-अभिनंदन कर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर पदाधिकारियों ने भी पूज्य संतों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महोत्सव के दौरान सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के छप्पन भोग के दर्शन कर पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका फतेहनगर-सनवाड़ की अध्यक्ष श्रीमती ममता राजेश चपलोत, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री मांगीलाल जोशी, पार्षद श्री नरेश वैष्णव, पूर्व पार्षद श्रीमती पूनम मोर, भाजपा नेता श्री महेंद्र दोषी सहित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भगवान के जयकारों एवं भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ।

Leave a Reply