फतहनगर - सनवाड

फतहनगर-सनवाड़ में पेयजल समस्या के समाधान की मांग, मंत्री को लिखा पत्र

6 से 7 पेयजल टंकियां और 5 से 6 ओपनवेल निर्माण कराने का प्रस्ताव

फतहनगर(विकास चावड़ा)। नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ में पेयजल संकट के स्थायी समाधान को लेकर पालिकाध्यक्ष ममता राजेश चपलोत ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री कन्हैया लाल चौधरी को पत्र लिखकर पेयजल टंकियों एवं ओपनवेल निर्माण तथा पाइपलाइन बिछाने की मांग की है।

पालिकाध्यक्ष ने 25 नवंबर को लिखे पत्र में बताया कि वर्तमान में वर्षा की कमी एवं लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण नगर क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। गर्मी के मौसम में नगरवासियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना गंभीर चुनौती बन जाता है।

पत्र में पेयजल संकट से बचाव एवं समाधान के लिए पालिका क्षेत्र में 6 से 7 पेयजल टंकियों तथा 5 से 6 ओपनवेल का निर्माण करवाने की आवश्यकता जताई गई है। साथ ही नगर क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग की गई है।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि ओगना खेड़ा, डीपी खेड़ा, नन्दवास, नया बंगला, कच्ची बस्ती, बसंत विहार, अरिहंत नगर एवं गोकुल विहार सहित कई क्षेत्रों में वर्तमान में पेयजल पाइपलाइन नहीं होने से आमजन को प्रतिदिन पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है।

पत्र में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान कर पेयजल टंकियों, ओपनवेल एवं पाइपलाइन निर्माण कार्य करवाने का आग्रह किया गया है। साथ ही पेयजल संकट से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार करवाने की मांग भी की गई है।

पालिकाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई होने से नगरवासियों को पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *