फतहनगर - सनवाड

गुरु कोचिंग क्लासेज एवं विनायक लाइब्रेरी में प्रेरणादायक मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित

असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की शुरुआत है – राजेश चपलोत ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

फतहनगर(विकास चावड़ा)। गुरु कोचिंग क्लासेज एवं विनायक लाइब्रेरी में प्रेरणादायक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेश चपलोत ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी एवं कोचिंग संस्थान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में चपलोत ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली असफलताओं से कभी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि प्रत्येक असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। असफलता सफलता की पहली सीढ़ी है। जो व्यक्ति धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता रहता है, वह एक दिन निश्चित रूप से सफलता हासिल करता है।

उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों एवं अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत को सफलता का मूलमंत्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मोरठ के सरपंच प्रतिनिधि लादूराम गाड़री, फतेहसिंह, मंशापुरी, मार्गदर्शक प्राणजीवन पालीवाल, रमेश सेन, वार्ड पंच राहुल जाट, पारस जाट एवं मनोज सेन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर शिक्षकगण प्रवीणदान, विष्णु कुमार, अंकित यादव, दिव्यराज देवासी, रामप्रकाश जाट, राजू व्यास एवं प्रकाश विडारा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। अंत में गुरु कोचिंग क्लासेज एवं विनायक लाइब्रेरी परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं शिक्षकगणों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *