फतहनगर। फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार तक पालिका क्षेत्र के लिए कुल 244 आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं। रिटर्निंग अधिकारी हुकम कंवर के अनुसार शनिवार को पांच आवेदन पत्र जमा हुए, जिससे अब तक जमा आवेदनों की संख्या छह हो गई है।
शनिवार को वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस की दुर्गा देवी, वार्ड संख्या 5 से कांग्रेस के मनोहर लाल तथा वार्ड संख्या 18 से कांग्रेस की अंजना ने नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड संख्या 15 से विकास कुमार सोनी ने भाजपा एवं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आवेदन प्रस्तुत किया।
भाजपा कार्यालय में दिनभर रही गहमागहमी
नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही केआरजी गार्डन स्थित भाजपा कार्यालय में दिनभर दावेदारों और समर्थकों की भीड़ रही। पार्टी की ओर से गठित टीम प्रत्याशियों के आवेदन भरवाने के साथ दस्तावेजों की जांच और तकनीकी त्रुटियों को दूर करने में जुटी रही।
इस दौरान विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल, मंडल अध्यक्ष नितिन सेठिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेश्याम बागला, महेश सोनी, मंडल महामंत्री अशोक मोर, गणपत लाल स्वर्णकार व रोशन लाल खटीक, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश खटीक, देहात जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रीतू अग्रवाल सहित वरिष्ठ नेता विनोद धर्मावत, रामचंद्र मेहलाना, घनश्याम मंगल और ओपी टेलर मौजूद रहे।
टिकट घोषणा में देरी से दावेदारों में असमंजस
भाजपा में टिकट वितरण को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं होने से दावेदारों और कार्यकर्ताओं में असमंजस बना हुआ है। टिकट की आधिकारिक घोषणा नहीं होने के कारण कई दावेदार अपने स्तर पर नामांकन की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी द्वारा अंतिम समय में टिकट घोषित किए जाने पर कुछ दावेदारों को नामांकन वापस लेना पड़ सकता है।
पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में यह चिंता भी है कि टिकट कटने से असंतुष्ट दावेदारों के बागी रुख अपनाने की स्थिति में चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में समय रहते प्रत्याशियों की सूची घोषित कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठ रही है।
सोमवार को अंतिम दिन
रविवार को सरकारी अवकाश के कारण नामांकन दाखिल नहीं होंगे। इसके बाद सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम अवसर रहेगा। अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों द्वारा समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही स्थानीय निकाय चुनाव की तस्वीर भी काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।

Leave a Reply