फतहनगर। श्रावण मास के पावन अवसर पर कस्बे के प्राचीन अखाड़ा मंदिर में हिंडोलना मनोरथ का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया जा रहा है। मनोरथ के दूसरे दिन ठाकुर जी को आकर्षक फूलों एवं वस्त्रों से सजे हिंडोलने में विराजमान किया गया। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
मंदिर के महंत शिव शंकर दास ने बताया कि श्रावण मास में ठाकुर जी को झूला झुलाने की परंपरा सदियों पुरानी है। इसी परंपरा के तहत मंदिर में प्रतिदिन ठाकुर जी का अलग-अलग स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया जाता है।
मनोरथ के दूसरे दिन ठाकुर जी को पीले रंग के वस्त्र एवं फूलों की मालाओं से सजाया गया। हिंडोलने को गेंदे और गुलाब के फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन कर भजन-कीर्तन में भाग लिया। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
महंत शिव शंकर दास ने बताया कि हिंडोलना मनोरथ का आयोजन रक्षाबंधन तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार कर हिंडोलना मनोरथ कराया जाएगा।

Leave a Reply