बालकों में सभी गुण कुदरती होते हैं, अनावश्यक आदतें हटाकर उन्हें तराशना ही शिक्षक का दायित्व : दुर्गेश मेनारिया
फतहनगर। मावली एवं खेमली ब्लॉक के प्रारंभिक शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षकों की सत्र 2026-27 की संयुक्त एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय सत्रारंभ वाक्पीठ शनिवार को मावली तहसील के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आकोदड़ा (आमली) के तत्वावधान में राणेरा महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) दुर्गेश मेनारिया थे, जबकि अध्यक्षता उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) लक्ष्मण दास वैष्णव ने की। विशिष्ट अतिथियों में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) उदयपुर के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला, संभाग संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह सारंगदेवोत, उपाध्यक्ष शैलेश कोठारी, शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री डॉ. भेरू सिंह राठौड़, वाक्पीठ के जिलाध्यक्ष विजयलाल मेनारिया, जिला सचिव जगन्नाथ सिंह चुंडावत, उपाध्यक्ष प्रवीण जैन, शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला, प्रबोधक संघ एवं एकीकृत महासंघ के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह सारंगदेवोत, खेल अनुभाग प्रभारी युगल किशोर शर्मा, सीबीईओ कार्यालय मावली के संदर्भ व्यक्ति लक्ष्मीलाल जाट, खेमपुर पीईईओ जगदीश पालीवाल, वाक्पीठ मावली अध्यक्ष योगेश मारवाड़ी, संरक्षक हीरालाल सुथार तथा दिलीप त्रिपाठी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मावली ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल गनी, सचिव राधाकृष्ण मेनारिया, खेमली ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत एवं सचिव कैलाश जोशी के नेतृत्व में अतिथियों का तिलक एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रामचंद्र रेगर ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि शांतिलाल जाट ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी गोपाललाल मेहता ने किया।
प्रथम सत्र में प्रकाश जगरवाल ने वॉलीबॉल, हुक्मीचंद मेनारिया ने खो-खो तथा घनश्याम मेघवाल ने क्रिकेट विषय पर व्याख्यान देते हुए खेलों में हुए नवाचारों की जानकारी दी।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष मांग रखी कि कई उच्च प्राथमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों द्वारा स्टाफ उपस्थिति पंजिका में वरिष्ठता के नियमों की अनदेखी कर शारीरिक शिक्षकों के नाम अंत में दर्ज किए जा रहे हैं। समान वेतन श्रेणी में वरिष्ठ होने के बावजूद ऐसा किया जाना अपमानजनक है। उन्होंने वरिष्ठता के आधार पर नाम दर्ज करने संबंधी स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की।

जिला मीडिया प्रभारी गोपाललाल मेहता ने बताया कि इस सत्र में सेवानिवृत्त होने वाले रतनलाल घावरी, मनोहर सिंह राठौड़, धनराज जाट एवं सुरेंद्र सिंह झाला का वाक्पीठ की ओर से शॉल एवं पाग पहनाकर सम्मान किया गया।
वाक्पीठ जिलाध्यक्ष विजयलाल मेनारिया ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित कराने के प्रस्ताव को स्वीकार करने पर शैलेश कोठारी तथा 14, 17 एवं 19 वर्ष छात्रा वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन का प्रस्ताव स्वीकार होने पर गोपीलाल मेनारिया का सम्मान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्यों के लिए गिरिराज मेनारिया एवं गोपाललाल मेहता को भी अतिथियों ने सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि दुर्गेश मेनारिया ने अपने संबोधन में कहा कि “कुदरत ने प्रत्येक बालक-बालिका को अनेक गुणों से परिपूर्ण बनाया है। शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षक का दायित्व उनकी अनावश्यक आदतों को दूर कर उनकी प्रतिभा को निखारना है।” उन्होंने सभी शारीरिक शिक्षकों से आह्वान किया कि जिस विद्यालय में शारीरिक शिक्षक पदस्थापित हैं, वहां से कम से कम एक खेल की टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अनिवार्य रूप से भाग ले।


Leave a Reply