फतहनगर। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण और सेवाओं के मौके पर ही निस्तारण के लिए नगर पालिका फतेहनगर-सनवाड़ परिसर में भव्य ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ का आयोजन किया गया । इस शिविर में पालिका प्रशासन की संवेदनशीलता के चलते नागरिकों को सुशासन की एक नई मिसाल देखने को मिली ।
शिविर में मौके पर ही निपटे 40 मामले
अभियान के तहत आयोजित इस विशेष शहरी सेवा शिविर में विभिन्न जनहितैषी योजनाओं और सेवाओं से जुड़े कुल 46 आवेदन प्राप्त हुए थे । पालिका प्रशासन एवं उपस्थित अधिकारियों की तत्परता और सक्रियता के चलते इनमें से 40 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर आमजन को बड़ी राहत प्रदान की गई ।
10 साल का इंतजार हुआ खत्म, प्रशासन ने दिया ‘अनोखा सरप्राइज’
नगरपालिका क्षेत्र के कई नागरिक पिछले एक दशक से अपने आशियाने के मालिकाना हक (पट्टे) के लिए इंतजार कर रहे थे । सरकारी कागजी कार्रवाई और तकनीकी उलझनों के कारण साल बीतते गए और लोगों की उम्मीदें धुंधली होने लगी थीं । 10 वर्षों से अटके इन मामलों को सुलझाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती था ।
लेकिन इस बार प्रशासन ने सिर्फ फाइलों को आगे बढ़ाने के बजाय जनता को राहत देने का इरादा किया । नगर पालिका की टीम ने पूरी ताकत झोंककर दशकों पुरानी फाइलों को खंगाला, विसंगतियों को दूर किया और पट्टे तैयार किए । पट्टे तैयार होने के बाद पालिका प्रशासन ने पारंपरिक तरीके से लोगों को कार्यालय बुलाने के बजाय एक “अनोखा सरप्राइज” प्लान किया ।
जब अधिकारी खुद पट्टा लेकर पहुंचे लाभार्थियों के घर
अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम सीधे लाभार्थियों के घरों पर पहुंची । जब दरवाजे की घंटी बजी और सामने अधिकारियों को हाथ में पट्टा लिए देखा, तो नागरिक पूरी तरह स्तब्ध (शॉक्ड) रह गए । जिस कागज के लिए वे 10 साल से चक्कर काट रहे थे, उसे खुद चलकर अपने घर आया देख कई बुजुर्गों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए ।
“जनता की सेवा, जनता के द्वार”
प्रशासन का जनता के द्वार जाकर इस तरह ‘सरप्राइज’ देना यह साबित करता है कि मजबूत इच्छाशक्ति हो, तो सरकारी व्यवस्थाएं सुशासन की नई मिसाल पेश कर सकती हैं । नगर पालिका फतेहनगर-सनवाड़ ने “जनता की सेवा, जनता के द्वार” के संकल्प को सच कर दिखाया है ।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी छैल कंवर चारण ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी किसी भी वार्ड स्तरीय समस्या के समाधान के लिए इस शिविर में अवश्य पधारें और सरकार के इस सुशासन का अधिक से अधिक लाभ उठाएं ।


Leave a Reply