फतहनगर। जीनगर समाज, सनवाड़ द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारी एवं भारत माता के वीर सपूत शहीद बीरबल सिंह ढालिया की 80वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद समाजजनों ने शहीद बीरबल सिंह ढालिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके शौर्य, वीरता और देशभक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं एवं महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। साथ ही अध्ययनरत अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मंचासीन वक्ताओं ने अपने संबोधन में शहीद बीरबल सिंह ढालिया के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत एवं लगन के साथ अध्ययन कर भविष्य में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य रखना चाहिए।
वक्ताओं ने बताया कि बीकानेर प्रजामंडल के प्रमुख तिरंगा वाहक रहे बीरबल सिंह ढालिया ने मात्र 25 वर्ष की आयु में मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनकी देशभक्ति और बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वरिष्ठ समाजजन, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति ने शहीद बीरबल सिंह ढालिया को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देशभक्ति के ओजस्वी नारों से पूरा सभागार गूंज उठा और वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply