फतेहनगर। विकल्प संस्थान द्वारा संचालित पंख महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अचार निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मावली ब्लॉक के फतेहनगर में सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को अचार निर्माण की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को केरी, नींबू एवं मिर्ची का अचार बनाने की विधि व्यावहारिक रूप से सिखाई गई। विशेषज्ञों ने अचार निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री, मसालों के संतुलन, स्वच्छता के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा उत्पाद की पैकेजिंग एवं विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। महिलाओं को बताया गया कि कम लागत में अचार निर्माण का कार्य शुरू कर वे घर बैठे अतिरिक्त आय अर्जित कर सकती हैं और इसे लघु उद्योग के रूप में विकसित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
कार्यक्रम में मावली ब्लॉक की 34 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने अचार निर्माण की बारीकियों को समझा और स्वरोजगार के नए अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विकल्प संस्थान की कुसुम दवे, ममता सुथार एवं नीलम खटीक ने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना तथा सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
संस्थान द्वारा महिलाओं के कौशल विकास, रोजगार संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे वे अपने परिवार और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।
पंख महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत महिलाओं को अचार निर्माण का प्रशिक्षण, स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

Leave a Reply