फतहनगर - सनवाड

अटाटीया (ओगणा) में श्रद्धा और भक्ति के साथ पांच कुंडीय गायत्री यज्ञ सम्पन्न

झाड़ोल (उदयपुर)। झाड़ोल क्षेत्र के अटाटीया (ओगणा) गांव में सोमवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष (2026) के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत किया गया।

यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शांतिकुंज के सिद्धांतों के अनुरूप आयोजित इस महायज्ञ में नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के उद्देश्य से विभिन्न वैदिक संस्कारों की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजन में परिजनों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

यज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य योगेश पानेरी एवं श्याम सुंदर शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान अटाटीया गायत्री परिवार के लक्ष्मी नारायण नाई, झाड़ोल तहसील सह-समन्वयक गणेश भट्ट, महिला संयोजक भावना पंडा तथा गायत्री परिवार उदयपुर के विनोद पांडे और बाबूलाल पानेरी का विशेष सहयोग रहा।

जिला संयोजक नरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य गायत्री मंत्र, यज्ञ की महिमा एवं संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *