फतहनगर। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई 2026 (बुधवार) को देशभर के केमिस्ट्स अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। इस बंद को राजस्थान केमिस्ट एलायंस और उदयपुर जिला केमिस्ट संगठन का भी समर्थन प्राप्त है।
संगठन द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार यह हड़ताल दवा व्यापार से जुड़े कई मुद्दों को लेकर की जा रही है। केमिस्ट्स की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर रोक लगाना, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट बंद करना तथा नकली दवाओं पर सख्त कार्रवाई शामिल है।
संगठन का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दवाओं की अनियंत्रित बिक्री से स्थानीय दवा विक्रेताओं का व्यापार प्रभावित हो रहा है और मरीजों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। साथ ही कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा अत्यधिक डिस्काउंट देने से बाजार में असंतुलन पैदा हो रहा है।
AIOCD ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जीएसआर 817 (दिनांक 28-08-2018) और कोविड काल में जारी जीएसआर 220 (दिनांक 26-03-2020) को वापस लिया जाए।
उदयपुर जिला केमिस्ट संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बंद के दौरान मेडिकल स्टोर पूर्ण रूप से बंद रहेंगे, हालांकि आपातकालीन सेवाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है। संगठन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद भी जताया है।
केमिस्ट्स संगठनों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply