फतहनगर। नगर के रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित कॉलोनी में इन दिनों दूषित जलापूर्ति की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। नियमित पेयजल आपूर्ति के दौरान नलों से झागदार व गंदा पानी आने से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले कई दिनों से पानी की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। नलों से आ रहा पानी पीने योग्य तो दूर, घरेलू उपयोग के लिए भी उपयुक्त नहीं है। पानी में झाग और बदबू के कारण लोग मजबूरन बाजार से पानी खरीदने या अन्य स्रोतों पर निर्भर रहने को विवश हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस समस्या से छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। दूषित पानी के सेवन से बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है, जिससे लोग खासे चिंतित हैं।
नागरिकों ने जलदाय विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पाइपलाइन में लीकेज या सीवरेज लाइन के मिश्रण की आशंका जताई जा रही है, जिसकी तत्काल जांच जरूरी है।
क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की गुणवत्ता की जांच कर समस्या का समाधान किया जाए, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply