फतहनगर। शहर में पशु संरक्षण के प्रति जागरूकता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां 4 दिन पूर्व घायल अवस्था में मिले एक नंदी महाराज का सफल ऑपरेशन कर उसके पेट से 100 किलो से अधिक प्लास्टिक व अन्य हानिकारक सामग्री निकाली गई।
जानकारी के अनुसार, समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा नंदी महाराज को घायल हालत में रेस्क्यू किया गया था। चिकित्सकों द्वारा जांच में सामने आया कि अत्यधिक प्लास्टिक खाने के कारण उसका पूरा पेट जाम हो चुका था, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। स्थिति को देखते हुए समिति ने तत्काल ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया।
निर्णय के बाद डॉक्टरों की टीम ने करीब 7 घंटे तक लगातार सर्जरी की। इस दौरान नंदी महाराज के पेट से 100 किलो से अधिक प्लास्टिक, लोहे की धातु, सिक्के एवं अन्य कई खतरनाक वस्तुएं निकाली गईं। ऑपरेशन के बाद अब नंदी महाराज की स्थिति में पहले से सुधार बताया जा रहा है।
इस सफल ऑपरेशन में समिति के सदस्य डॉ. हरिओम कुमावत, ललित रेगर (LSA), मनीष रेगर (LSA), राहुल जी (LSA) एवं शांति लाल जटिया (LSA) का विशेष योगदान रहा। समिति ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जिनकी मेहनत और समर्पण से यह कठिन ऑपरेशन संभव हो पाया।
साथ ही मेडिकल सप्लाई में सहयोग देने वाले डॉ. रवि गोयल (गोयल हॉस्पिटल) एवं शशिकांत अग्रवाल (मातेश्वरी डिस्ट्रीब्यूटर) का भी समिति द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
यह घटना एक बार फिर लोगों को सड़कों पर प्लास्टिक कचरा फेंकने के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करती है।

Leave a Reply