फतहनगर। उदयपुर जिले की मावली तहसील के आसोलिया की मादड़ी गांव स्थित प्राचीन मां चामुंडा माता मंदिर में देर रात हुई चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाश मंदिर परिसर में घुसकर दान पात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब 1 बजे चोर मंदिर परिसर में पहुंचे। सुनसान का फायदा उठाते हुए उन्होंने मंदिर में रखा दान पात्र तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
सुबह जब ग्रामीण एवं श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो दान पात्र टूटा हुआ देखकर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और आक्रोश व्यक्त किया।
एडवोकेट डॉ. भरत सिंह आसोलिया ने बताया कि मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी मंदिर परिसर से दान पात्र एवं बड़ा घंटा चोरी हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की घटनाओं में पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार धार्मिक स्थलों पर हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की आस्था को ठेस पहुंच रही है। श्रद्धालुओं में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मंदिर में हुई इस चोरी की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply