फतहनगर (विकास चावड़ा)। आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रगणकों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इससे पूर्व गुरुवार को मावली ब्लॉक के सभी सुपरवाइजरों को उनके-अपने क्षेत्र के प्रगणकों हेतु सामग्री उपलब्ध करवाई गई थी।
वितरित सामग्री में थैला, पेन, पेंसिल, रबर, शॉर्पनर, केप, परिचय पत्र तथा नजरी नक्शा तैयार करने के लिए दो-दो शीट शामिल थीं। सुपरवाइजरों ने शुक्रवार को अपने-अपने क्षेत्र के प्रगणकों को यह सामग्री सौंपते हुए जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
चंगेड़ी क्षेत्र में आयोजित सामग्री वितरण कार्यक्रम में प्रगणक जगदीश सिंह राव, शंकर लाल चावड़ा, भंवरलाल तेली, गणेश लाल सालवी, भगवती लाल जाट तथा लक्ष्मी लाल रेगर को सामग्री वितरित की गई। इस दौरान प्रधानाचार्य मोहनलाल स्वर्णकार एवं उपप्रधानाचार्य श्रीमती खुशनुमा बानो की उपस्थिति में सुपरवाइजर कर्णसिंह राणावत ने प्रगणकों को सामग्री प्रदान कर जनगणना कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जनगणना के दौरान घर-घर जाकर जानकारी संकलन, आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों का निर्धारण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक प्रगणक को पूरी निष्ठा और सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

Leave a Reply