फतहनगर - सनवाड

जनगणना कार्य में आई तेजी, कार्मिकों ने शुरू की फील्ड विजिट

फतहनगर। आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लॉकों में नियुक्त कार्मिकों द्वारा फील्ड विजिट का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मंगलवार को ग्राम पंचायत चंगेड़ी क्षेत्र में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई।

फील्ड विजिट के दौरान कार्मिकों ने गांव के विभिन्न वार्डों एवं बस्तियों का निरीक्षण कर भौगोलिक स्थिति, मकानों की संख्या, परिवारों की जानकारी तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर जनगणना प्रक्रिया के संबंध में जानकारी भी साझा की गई।

इस दौरान प्रगणक जगदीश सिंह राव, शंकर लाल चावड़ा, गणेश लाल सालवी, भंवरलाल तेली, लक्ष्मी लाल रेगर एवं भगवती लाल जाट ने सुपरवाइजर कर्ण सिंह राणावत तथा पटवारी गोवर्धन सिंह के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। अधिकारियों ने कार्मिकों को जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।

सुपरवाइजर कर्ण सिंह राणावत ने बताया कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण एवं संसाधनों का निर्धारण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज करना आवश्यक है।

कार्मिकों ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि आंकड़े वास्तविक एवं उपयोगी बन सकें। जनगणना कार्य के तहत आगामी दिनों में घर-घर जाकर विस्तृत सर्वे किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *