फतहनगर।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहनगर में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्र-अभिभावक परिषद के प्रतिनिधियों ने राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि विद्यालय में शिक्षकों के अभाव के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। वर्तमान स्थिति यह है कि विद्यालय में 11 व्याख्याताओं (लेक्चरर) के पद रिक्त हैं, वहीं इसके अतिरिक्त आधा दर्जन से अधिक अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पद भी खाली पड़े हैं। इससे शिक्षण व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधियों ने यह भी अवगत कराया कि काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान फतेहनगर विद्यालय का नाम प्रदर्शित नहीं हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान छात्र-अभिभावक परिषद की ओर से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की गई। मंत्री ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी को जल्द ही दूर किया जाएगा तथा आवश्यक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इसके अलावा प्रतिनिधियों ने भामाशाह योजना के अंतर्गत श्री ओम प्रकाश अग्रवाल द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी मंत्री को विस्तार से दी।
मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

Leave a Reply