
फतहनगर। मावली ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना की व्यवस्थाओं को परखने के लिए दो दिवसीय विशेष औचक निरीक्षण अभियान गुरुवार से प्रारंभ हुआ। यह अभियान 23 व 24 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपखंड अधिकारी रमेश चंद्र सीरवी पुनाड़िया द्वारा जारी आदेशों के अनुसार प्रत्येक अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम पांच विद्यालयों का निरीक्षण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि एमडीएम योजना की वास्तविक स्थिति का प्रभावी आकलन किया जा सके।
इसी क्रम में चंगेड़ी पंचायत क्षेत्र के छह राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण वन विभाग के वनपाल मावली सुरेश चंद्र शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने चंगेड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर रसोईघर की स्वच्छता, बर्तनों की सफाई, खाद्यान्न स्टॉक एवं संपूर्ण मध्याह्न भोजन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शर्मा भोजनावकाश के समय बच्चों की पंगत में पहुंचे और उनकी बैठक व्यवस्था, भोजन वितरण प्रणाली तथा भोजन मंत्र की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मीनू के अनुसार तैयार भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता और स्वाद का भी परीक्षण किया।
इस अवसर पर पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मोहनलाल स्वर्णकार, मिड डे मील प्रभारी शंकर लाल चावड़ा सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
वनपाल शर्मा ने इसके अतिरिक्त चंगेड़ी पंचायत क्षेत्र के डांग भांडावास, राजपुरा, बिका खेड़ा एवं दुधालिया स्थित विद्यालयों का भी औचक निरीक्षण कर एमडीएम योजना की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मापदंडों के पालन को सुनिश्चित करना है, ताकि विद्यार्थियों को पोषाहार युक्त एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।

