
फतहनगर। फतहनगर-भूपालसागर मार्ग पर राणावतों की सादड़ी के समीप रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम के बाद नगरपालिका के सहयोग से अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम फतहनगर रेलवे स्टेशन से सूचना मिली थी कि राणावतों की सादड़ी रेलवे फाटक के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना पर फतहनगर थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया एवं हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह मीणा मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को सनवाड़ मोर्चरी पहुंचाया गया।
मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। वह सफेद लाइनदार शर्ट और काली जींस पहने हुए था, हल्की दाढ़ी और सांवला रंग था। शव की स्थिति बिगड़ने से शरीर काला पड़ चुका था। युवक के पास किसी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने युवक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर नगरपालिका के सहयोग से अज्ञात युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
