
फतहनगर। नगर में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण बनने जा रहा है। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, फतहनगर के तत्वावधान में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर दो दिवसीय पारणा महोत्सव का शुभारंभ रविवार से होगा। यह आयोजन श्री अम्बेश गुरु मेमोरियल संस्थान, पावनधाम फतहनगर के प्रांगण में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के प्रथम दिवस रविवार को “एक शाम भगवान आदिनाथ के नाम” भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक लवेश हिमान्शु बुरड़ एण्ड म्युजिकल ग्रुप, इन्दौर द्वारा भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भक्ति संध्या में श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रभु भक्ति में लीन होंगे।
महोत्सव के द्वितीय दिवस सोमवार को प्रातःकालीन कार्यक्रमों की शुरुआत नवकारसी से होगी। इसके पश्चात प्रातः 8:30 बजे से प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें धर्म, संयम और तप के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। इसी दौरान तपस्वियों का बहुमान भी किया जाएगा, जिन्होंने कठिन तप साधनाओं के माध्यम से आध्यात्मिक साधना का मार्ग प्रशस्त किया है।
दोपहर 12:15 बजे पारणा का आयोजन होगा, जिसमें व्रतधारी श्रद्धालु अपने तप का विधिवत पारणा करेंगे। इसके बाद 12:30 बजे से गौतम प्रसादी का वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इस धार्मिक आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें श्रमण संघीय उपप्रवर्तक श्री कोमल मुनि म.सा., विजयप्रभा म.सा. सहित अनेक संत-साध्वियों का सानिध्य प्राप्त होगा। उनके सान्निध्य में आयोजित यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक उन्नति और आत्मशुद्धि का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी बंधुओं से इस आयोजन में भाग लेकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।
