मातृकुंडिया।
मेवाड़ के पावन तीर्थ मातृकुंडिया में गर्ग ब्राह्मण समाज द्वारा 18 से 20 अप्रैल तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी सुंदर संगम बनेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, कलश स्थापना, मूर्ति स्थापना एवं निशुल्क सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन प्रभु श्री परशुराम जी की तपोस्थली मातृकुंडिया में संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन के पहले दिन 18 अप्रैल को पवित्र कुंड से मातृशक्ति द्वारा दोपहर 12:15 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से बैंड-बाजों के साथ गुजरेगी। शोभायात्रा में पुरुष पारंपरिक सनातन वेशभूषा में तथा महिलाएं चुनरी या पारंपरिक परिधान में भाग लेंगी। इसके पश्चात कलशों को यज्ञ वेदी में स्थापित कर 11 पंडितों के सानिध्य में यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ होगा, जो दो दिनों तक निरंतर चलेगा।
19 अप्रैल की शाम को मेल ग्राउंड मातृकुंडिया में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति रस की अविरल धारा बहेगी।
20 अप्रैल को प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में शिव परिवार, महर्षि गर्गाचार्य, मां गायत्री तथा युगल सरकार राधा-कृष्ण की मूर्तियों की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद कलश स्थापना व महाआरती का आयोजन होगा।
इसी दिन सुबह 9:00 बजे स्वागत कार्यक्रम, 11:00 बजे तोरण, 12:00 बजे पाणिग्रहण संस्कार तथा 12:15 बजे अतिथियों का स्वागत व सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही सुबह 10:00 बजे से विशाल भंडारा एवं प्रभु प्रसाद का वितरण प्रारंभ होकर प्रभु इच्छा तक अनवरत जारी रहेगा।
आयोजन को लेकर समाजजनों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है और इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।
Home>>फतहनगर - सनवाड>>मातृकुंडिया में भव्य धार्मिक आयोजन, प्राण प्रतिष्ठा व सामूहिक विवाह का होगा आयोजन
फतहनगर - सनवाड
