
मावली/फतहनगर।
जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस थाना घासा ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम एवं भारी मात्रा में नकदी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (वृत्त मावली) श्रीमती आशिमा वासवानी के मार्गदर्शन में थानाधिकारी घासा श्री सुरेंद्र सिंह मय टीम एवं एएनटीएफ यूनिट उदयपुर द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।
पुलिस को एएनटीएफ यूनिट से मिली सूचना के आधार पर 16 अप्रैल 2026 को ग्राम डिगरकिया में आरोपी राजू पुत्र फतहलाल पाटीदार (उम्र 25 वर्ष) के रिहायशी मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान कमरे से 878 ग्राम अवैध अफीम एवं 51 लाख 65 हजार रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच थानाधिकारी फतहनगर श्री चंद्रशेखर किलानिया द्वारा की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
