
फतहनगर/उदयपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह राठौड़ के उदयपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में जिला कार्यकारिणी एवं उपशाखा अध्यक्ष-मंत्रियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश मंत्री राठौड़ ने संगठन की विचारधारा, रीति-नीति एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सदस्यता अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया तथा सामाजिक समरसता के तहत डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर विभिन्न आयोजन करने के सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर प्रदेश संभाग संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह सारंगदेवोत, डाया लाल कलाल, शैलेश कुमार कोठारी, लीला जाट एवं कौशल्या सोलंकी सहित अन्य पदाधिकारियों का आतिथ्य प्राप्त हुआ। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई।
