
फतहनगर।
कैंसर पीड़ित मरीजों की सहायता के लिए कार्यरत सामाजिक संस्था द प्रोग्रेसिव नेशन द्वारा सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 45वां हेयर डोनेशन अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
संस्था की सह-संस्थापक पारुल वर्डिया के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत 12 इंच लंबे बाल एकत्रित किए गए। इन बालों से कैंसर उपचार के दौरान अपने बाल खो चुके मरीजों के लिए विग तैयार की जाती है, जिससे उन्हें आत्मविश्वास और मानसिक संबल मिलता है।
अभियान के दौरान सुहानी विजयवर्गीय (पुत्री अशोक विजयवर्गीय) एवं मानसी खोईवाल (पुत्री लोकेश खोईवाल) ने अपने 12 इंच लंबे बाल दान कर मानवता की मिसाल पेश की। वहीं चित्तौड़गढ़ निवासी नम्रता गदिया (पत्नी विनोद जैन) ने भी इस पुनीत कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी दानदाताओं ने समाज के अन्य लोगों से भी इस नेक पहल से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रयास कैंसर मरीजों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
इस अवसर पर रीना खोईवाल एवं पूजा विजयवर्गीय भी मौजूद रहीं। अभियान को सफल बनाने में एम. जी. यूनिसेक्स के मनीष सेन का विशेष सहयोग रहा।
यह अभियान न केवल कैंसर मरीजों को नई उम्मीद देता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी सुदृढ़ करता है।
