
फतहनगर। तालाब रोड स्थित आदर्श आयुष इंस्टिट्यूट, फतहनगर (जिला उदयपुर) में औषधीय पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में शतावरी, निर्गुंडी, ब्राह्मी सहित लगभग 30 प्रकार के औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान निर्देशक श्री शशांक अग्रवाल की उपस्थिति रही। वहीं स्टाफ सदस्यों में डॉ. गुंजन पालीवाल एवं डॉ. सेजल वैरागी के सानिध्य में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने स्वयं पौधे लगाकर उन्हें गोद लिया और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस दौरान डॉ. गुंजन पालीवाल एवं डॉ. सेजल वैरागी ने विद्यार्थियों को औषधीय पौधों के महत्व, उनके उपयोग तथा पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि औषधीय पौधे न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं, बल्कि पर्यावरण को शुद्ध रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण के प्रति प्रेरित करना रहा। छात्रों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।
