
फतहनगर। मावली तहसील के इंटाली निवासी डॉ. ललित नारायण आमेटा को उत्कृष्ट साहित्य प्रकाशन एवं सामाजिक योगदान के लिए 5 अप्रैल को नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के समारोह में “राष्ट्रीय गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 51 प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए अलंकृत किया जाएगा। कार्यक्रम रविवार, 5 अप्रैल को प्रातः 10 बजे आयोजित होगा, जिसमें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 8वां राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह संपन्न होगा।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेंद्र बच्चन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष देश के नौ राज्यों की विशिष्ट प्रतिभाओं का चयन किया गया है, जिनमें उदयपुर जिले के इंटाली निवासी डॉ. ललित नारायण आमेटा का नाम भी शामिल है।
डॉ. आमेटा ने पिछले पांच वर्षों में लगभग 30 राष्ट्रीय स्तर की पुस्तकों का प्रकाशन कर साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने डिजिटल माध्यम के जरिए घर बैठे प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है।
उनकी इसी उत्कृष्ट उपलब्धि एवं समाज के प्रति योगदान को देखते हुए उन्हें “राष्ट्रीय गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. आमेटा के चयन पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई प्रेषित की है।
