Home>>फतहनगर - सनवाड>>विद्यालय प्रबंध समिति की चिंतन बैठक में शैक्षिक उन्नयन पर मंथन, नवाचारों पर दिया जोर
फतहनगर - सनवाड

विद्यालय प्रबंध समिति की चिंतन बैठक में शैक्षिक उन्नयन पर मंथन, नवाचारों पर दिया जोर


फतहनगर। विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को विद्यालय प्रबंध समिति एवं शिक्षकों की संयुक्त चिंतन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय के समग्र विकास, नामांकन वृद्धि एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत सौहार्दपूर्ण वातावरण में परिचय सत्र के साथ हुई, जिसके बाद सचिव जयप्रकाश बंसल ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों की आवश्यकता पर जोर देते हुए विभिन्न आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि बदलते समय के साथ शिक्षा को अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों का समावेश अत्यंत आवश्यक है।
प्रबंध समिति के संरक्षक मनोहर लाल कावड़िया, रामलाल सोनी एवं मनोज कुमार समदानी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए नई तकनीकों एवं स्मार्ट शिक्षण प्रणाली को अपनाना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नवाचारों को अपनाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान दें।
बैठक के प्रारंभ में प्रधानाचार्य सुरेश कुमार आमेटा ने अतिथियों का परिचय करवाते हुए बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया और विद्यालय की वर्तमान स्थिति एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस दौरान शिक्षकों ने भी खुलकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए और कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा नामांकन में वृद्धि के लिए विभिन्न उपाय सुझाए।
बैठक में लक्ष्मी लाल अग्रवाल, शंकर लाल चावड़ा, गजेंद्र सिंह राजपूत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
अंत में प्राथमिक विभाग के प्रधानाध्यापक तुलसीराम लौहार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। शांतिपाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।
बैठक में लिए गए निर्णयों को विद्यालय के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी ने मिलकर शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!