
मावली। सकल जैन समाज मावली द्वारा 2625वां महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे जैन समाज में उत्साह का माहौल रहा और समाज के सभी प्रतिष्ठान दिनभर के लिए बंद रखकर धर्म आराधना की गई।
सकल जैन समाज के अध्यक्ष जयेश कुमठ ने बताया कि प्रातःकाल भगवान महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मावली स्टेशन स्थित जैन स्थानक से प्रारंभ होकर स्टेशन जैन मंदिर होते हुए मावली गांव तक पहुंची। शोभायात्रा में 11 घोड़े, ऊंटगाड़ी एवं भगवान महावीर का सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा में पुरुष, महिलाएं, युवा एवं बच्चे नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न जैन संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मावली गांव स्थित जैन मंदिर में भगवान की आरती के पश्चात शोभायात्रा पुनः मावली पीस पैलेस पहुंची, जहां स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया और समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों द्वारा भगवान महावीर के जीवन एवं उपदेशों पर आधारित नाटक और संस्कारित प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।
पूरे आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में भंवरलाल ओस्तवाल, भंवरलाल दुग्गड़, धर्मेशचंद्र लोढ़ा, राजेंद्र कुमार गोखरू, सुशील ओस्तवाल, राकेश सरूपरिया, रमेश बड़ालमिया, लक्ष्मीलाल सरूपरिया, कोषाध्यक्ष दलपत खटवड़, कमलेश सियाल, रोडीलाल गोखरू, पारस गोखरू, व्यापार मंडल अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा, जयप्रकाश बोकड़िया, महावीर नवयुवक मंडल अध्यक्ष राहुल मारवाड़ी, श्री अम्बेश नवयुवक मंडल अध्यक्ष मोहित सियाल, उपाध्यक्ष रौनक मेहता, मंत्री देवेंद्र दुग्गड़ सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
महोत्सव ने पूरे क्षेत्र में अहिंसा, “जियो और जीने दो” तथा आपसी सद्भाव का संदेश प्रसारित किया।

