
फतहनगर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चंगेड़ी का कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम इस वर्ष शानदार रहा। विद्यालय का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 20 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और सभी 20 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। परिणाम में 9 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 11 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को दर्शाता है।
विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में जयपाल सिंह ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हर्षिता ने 84.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर विष्णु एवं दिव्या रहे, जिन्होंने 71.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। दिव्या ने भी 71.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने इस उत्कृष्ट परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। साथ ही विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया गया। विद्यालय के संस्था प्रधान मोहनलाल स्वर्णकार ने मैनचेस्टर (यू.के.) से परीक्षा परिणाम पर सभी बच्चों एवं स्टाफ साथियों को बधाई प्रेषित की है।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
