Home>>फतहनगर - सनवाड>>उदयपुर में सजी मिशेल फाइन की पेपर मेशी कला प्रदर्शनी, सृजनशीलता का अनोखा उत्सव
फतहनगर - सनवाड

उदयपुर में सजी मिशेल फाइन की पेपर मेशी कला प्रदर्शनी, सृजनशीलता का अनोखा उत्सव

यूके की कलाकार की कृतियों ने खींचा ध्यान, 19 मार्च तक आमजन के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी

उदयपुर। इंस्पिरिट आर्ट गैलरी द्वारा आयोजित यूनाइटेड किंगडम की कलाकार मिशेल फाइन की पेपर मेशी कला कृतियों की प्रदर्शनी का सोमवार शाम स्नेहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित कलाकारों और कला प्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

गैलरी के संस्थापक एवं प्रदर्शनी के क्यूरेटर डॉ. निर्मल यादव ने बताया कि प्रदर्शनी में मिशेल फाइन की विशिष्ट कलात्मक अभिव्यक्तियों को दर्शाया गया है, जिन्हें उपस्थित कला प्रेमियों ने सराहा। गैलरी संयोजक रणवीर सिंह ने जानकारी दी कि मिशेल पिछले छह वर्षों से उदयपुर आ रही हैं और उनकी कला भारतीय तथा ट्राइबल अफ्रीकन आर्ट से प्रभावित है।

उन्होंने बताया कि मिशेल ने अपनी भारत यात्राओं के दौरान फोटोग्राफी और चित्रों के संयोजन से डिजिटल आर्ट भी तैयार किया, जिसे मुंबई और अहमदाबाद में प्रदर्शित किया जा चुका है। वर्तमान प्रदर्शनी में उनकी 8 पेपर मेशी और 5 डिजिटल आर्ट कृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जिन्हें उन्होंने उदयपुर में गैलरी द्वारा उपलब्ध कराए गए स्टूडियो में एक माह रहकर तैयार किया।

मिशेल फाइन ने अपने काम के बारे में कहा कि उनका सृजन बिना किसी पूर्व योजना के शुरू होता है। वे सहज रूप से आगे बढ़ते हुए बनावटों को उभरने देती हैं और हर परत अगली परत का मार्गदर्शन करती है। उनके अनुसार यह परतें भूगोल की तरह उनकी स्मृतियों, भावनाओं और प्रकृति के अनुभवों को अभिव्यक्त करती हैं।

इस अवसर पर प्रो. डॉ. हेमंत द्विवेदी, डॉ. शाहिद परवेज, डॉ. युगल किशोर शर्मा, डॉ. रघुनाथ शर्मा, डॉ. मीना बाया, डॉ. सूरज सोनी, कुमुदनी सोनी, निधि, शरद भारद्वाज, मोनिका फिगुएरेडो (कनाडा), कैथरीन कार्लसन (डेनमार्क), वायरल कोठारी, ओम जी यादव, भगवती लाल यादव, प्रदीप झलानिया, राजेश त्रिलोकिया, पीयूष अग्रवाल (दिल्ली), आदित्य दबके, शरवरी खरे (नागपुर), नरेश यादव, हेमिश यादव एवं यशस्वी श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी की संवेदनशील सराहना ने उद्घाटन समारोह को आत्मीयता प्रदान की और यह आयोजन समकालीन कला, सृजनशीलता और सामग्री के प्रयोग का सुंदर उत्सव बन गया।

प्रदर्शनी 19 मार्च तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 9 बजे तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!