
फतहनगर। मावली तहसील के राणेरा की पाल ढूंढिया, नांदोली खुर्द स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर प्रांगण में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी महाशिवरात्रि के अवसर पर तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को मावली में मेला महोत्सव के पोस्टर का विधायक प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल ने विमोचन किया। इस अवसर पर नीलकंठ महादेव विकास समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। तीन दिवसीय मेला महोत्सव का आगाज शनिवार को प्रातः 11:00 बजे मेला उद्घाटन के साथ ही होगा। पहले दिन भजन गायक आयुष आकोला, हर्षित लोहार, डांसर पिंकी कोटा व नीलू भीलवाड़ा की प्रस्तुतियां देखने को मिलेगी। आयोजन के दूसरे दिन रविवार को गायक कलाकार मधुबाला राव, सिंगर जितेंद्र राव, सुरेश ग्रुप द्वारा आकर्षक झांकियां की प्रस्तुतियां होगी। सोमवार को मेला महोत्सव के अंतिम दिन 2:00 बजे लक्की ड्रा खोला जाएगा। शाम 7:00 से भव्य आतिशबाजी के साथ ही सिंगर पूरण गुर्जर, धनराज कोशीथल,नृत्यांगना काजल,कृष्णा मेहरा भीलवाड़ा,सोनू सैनी, अनु रंगीली व कॉमेडी कलाकार दिनेश छेला की प्रस्तुतियां होगी।
