
फतहनगर।
स्थानीय विद्यालय फतह एकेडमी में राष्ट्र स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले उभरते राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ियों नैनिशा दमामी एवं लक्ष्यराज दमामी के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दोनों खिलाड़ियों का चयन राजस्थान टीम से राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप (अंडर-17 एवं अंडर-14) में भाग लेने हेतु हुआ था। दोनों विद्यार्थियों के बहुमान में वाहन रैली का भी आयोजन किया गया। वाहन रैली शहर के मुख्य मार्गो से होकर विद्यालय पहुंची। सम्मान समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व जिला वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष देवनारायण धाबाई, विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय खिलाड़ी निरंजनसिंह राणावत, नगर पालिका उपाध्यक्ष फतहनगर- सनवाड नितिन सेठिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।सभी अतिथियों का स्वागत संस्थान अध्यक्ष डॉ. जैनेंद्र कुमार जैन एवं निदेशक अजय जैन द्वारा किया गया। मंचासीन अतिथियों ने नैनिशा एवं लक्ष्यराज दमामी को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रभु लाल जाट का संदेश वाचन भी किया गया, जिसमें उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के अनुशासन, परिश्रम एवं खेल भावना की सराहना की। इस अवसर पर सत्यानारायण टेलर, कल्याण सिंह पोखरना, दिनेश सामर, डॉ. विजय जैन, हेमेन्द्र दमामी, गिरिजा मीणा, हेमलता देवड़ा, विनोद धर्मावत, गजेंद्र सिंह रावल सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। खिलाड़ियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन देने हेतु फतह एकेडमी के कोच गौरी शंकर कुमावत को भी सम्मानित किया गया। नगर के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भी दोनों खिलाड़ियों का बहुमान किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपप्रधानाचार्य पारुल वर्डिया द्वारा किया गया। समारोह का समापन राष्ट्र व राज्य के खेल क्षेत्र में निरंतर प्रगति की कामना के साथ हुआ।
