
फतहनगर। नगर के ईंटाली चौराहा के समीप शुक्रवार को एक गौ वंश का कटा सिर मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए तथा फतेहनगर के बाजार आनन फानन मे बंद होने के बाद मुख्य चौराहे पर टायर जलाकर लोगों ने रास्ता रोक दिया।
घटनाक्रम के अनुसार बस्ती क्षेत्र में दोपहर एक बजे गौ वंश का सिर मिलने पर लोग आक्रोशित हुए तथा जैसे ही यह बात नगर में पहुंची आक्रोशित युवाओं ने सबसे पहले बाजार बंद करवाया। इसके बाद मैन चौराहा पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन किया गया। रास्ता जाम के दौरान काफी लोग एकत्र हो गए। रास्ता जाम होने से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा गया। मौके पर पहुँचे थानाधिकारी चन्द्रशेखर किलानिया के समक्ष लोगों ने रोष व्यक्त किया। किलानिया ने युवाओं को समझाया तथा आश्वस्त किया कि वे प्राथमिकी दें,पुलिस कार्रवाई करेगी। इस आश्वासन के बाद रास्ता खोला गया तथा आवागमन सुचारू किया। पुलिसकर्मियों ने रास्ते में डाले गए अवरोध हटाए। शाम को धीरे -धीरे बाजार पुनः खुल गए।

